
Mahakal Shahi Sawari 2020 : उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। श्रावण-भादौ मास की सवारियों के क्रम में सोमवार को भगवान महाकाल की शाही सवारी निकली। अपराह्न 4 बजे राजाधिराज का नगर भ्रमण शुरू हुआ।

महाकाल चांदी की पालकी में मनमहेश, हाथी पर चंद्रमौलेश्वर तथा रथ पर शिवतांडव, उमा महेश, होलकर, सप्तधान तथा घटाटोप रूप में सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकले। मार्ग पर खड़े भक्तों ने जयकारे लगाए।
इधर प्रशासन द्वारा सवारी को भव्य रूप देने के लिए मार्ग पर रेड कॉरपेट बिछाया गया। साथ ही फूलों और रंगोली से सजावट की गई। श्रद्धालुओं ने मंदिर के फेसबुक पेज, वेबसाइट, एप तथा टीवी चैनल के माध्यम से घर बैठे सवारी के दर्शन किए।

सिंधिया आए, उमा भारती ने भी किए दर्शन
शाही सवारी में शामिल होने के लिए राज्यसभा सदस्य और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उज्जैन आए। यहां रामघाट पर उन्होंने पालकी पूजन किया। इससे पहले भाजपा नेत्री उमा भारती ने भी महाकाल दर्शन किए।